केंद्रीय गृह राज्य मंत्री श्री नित्यानन्द राय
गणतंत्र की जननी वैशाली जिला (बिहार) के मुख्यालय हाजीपुर से 4 किलोमीटर दूर कर्णपुरा गांव में 1 जनवरी, 1966 को एक किसान परिवार में श्री नित्यानन्द राय का जन्म हुआ। इनकी माता जी स्वर्गीया तेतरी देवी गृहणी थीं। इनके पिता स्वर्गीय गंगा विशुन राय अपने ग्राम पंचायत-कर्णपुरा के कई वर्षों तक मुखिया थे।
श्री राय ने बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर बिहार विश्वविद्यालय के अंतर्गत आर. एन. महाविद्यालय से बी.ए. (आनर्स) तक की पढ़ाई की। छात्र जीवन से ही सामाजिक कार्यों में अभिरूचि रखने वाले श्री राय ने 1982 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के सदस्य के रूप में सामाजिक कार्यों की शुरूआत की। कुछ ही समय में इन्होंने ABVP के जिला प्रमुख एवं विभाग प्रमुख के पदों को सुशोभित किया। इन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखा में स्वयंसेवक के रूप में जुड़कर तहसील कार्यवाहक की जिम्मेदारी भी निभायी है।
श्री राय वर्ष 1990 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े एवं पंचायत स्तर से कार्य आरंभ किया। इन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा, बिहार प्रदेश के प्रदेश मंत्री एवं प्रदेश महामंत्री के दायित्व का निर्वहन करते हुए वर्ष 1998 में भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। वर्ष 2000 में बिहार विधान सभा के हाजीपुर निर्वाचन क्षेत्र से सदस्य निर्वाचित हुए। तत्पश्चात् इन्होंने भारतीय जनता पार्टी, बिहार प्रदेश के प्रदेश मंत्री, प्रदेश महामंत्री एवं प्रदेश उपाध्यक्ष के पदों पर कार्य किया। 30 नवम्बर, 2016 को इन्हें भारतीय जनता पार्टी, बिहार प्रदेश का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। भाजपा के बिहार प्रदेश के अध्यक्ष के रूप में इन्होंने पार्टी को प्रत्येक गांव एवं बूथ स्तर तक पहुंचाया। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में श्री राय की अध्यक्षता में भाजपा एवं सहयोगी एन.डी.ए. को 40 में से 39 लोकसभा सीटों पर अभूतपूर्व जीत हासिल हुई। श्री राय स्वयं दुबारा लोकसभा सदस्य के रूप में पौने तीन लाख से अधिक वोटों से जीते।
श्री नित्यानन्द राय द्वारा निर्वाचित पद विवरण-
चार बार (2000-2014) बिहार विधान सभा के सदस्य निर्वाचित हुए। हाजीपुर विधान सभा सीट से वर्ष 2000 ई. में जीत दर्ज करने के बाद लगातार चार बार इस सीट से निर्वाचित हुए, जिसमें वर्ष 2005 के दौरान हुए दो चुनाव शामिल हैं।
2014 के लोकसभा चुनाव में बिहार के उजियारपुर लोकसभा सीट पर जीत दर्ज कर पहली बार सांसद बने ।
सांसद के रूप में पदधारण
सितम्बर, 2014–अगस्त, 2018 - सदस्य, कृषि स्थायी समिति
सितम्बर, 2018–मई, 2019 - सदस्य, वाणिज्य स्थायी समिति
मई, 2015 से - सदस्य-संयुक्त समिति भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास और पुनर्स्थापन में उचित मुआवजा पाने का अधिकार और पारदर्शिता (द्वितीय संशोधन) बिल, 2015
सामाजिक कार्य
- पांच अनाथ बच्चे, जो वात्सल्य ग्राम, वृंदावन, उत्तर प्रदेश (संचालित- साध्वी ऋतम्भरा जी द्वारा) के हैं, उनके आवास, शिक्षा एवं अन्य खर्चे जो वर्ष में लगते हैं, उनका वहन करते हैं।
- गैंग रेप की शिकार तीन नाबालिग गरीब बेटियां जो निर्वाचन क्षेत्र के बाहर की हैं, को गोद लिया। शिक्षा से लेकर उनकी शादी तक की जिम्मेदारी ली।
- पोलियो से प्रभावित 43 बच्चों को गोद लिया है जिसमें कई प्रकार की सहायता के साथ ऑपरेशन के माध्यम से पूर्णरूपेण स्वस्थ करने का प्रयास किया गया। कई बच्चे पूर्ण रूप से पोलियो के प्रभाव से मुक्त भी हुए हैं। यह कार्य वर्तमान में भी चल रहा है।
- महाविद्यालय के शिक्षण कार्य के दौरान ही आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए मुफ्त बुक बैंक एवं नि:शुल्क कोचिंग की व्यवस्था की थी।
- रक्तदान करने एवं कराने हेतु बिहार में दो बार पुरस्कृत हुए हैं।





